सिविल सर्जन की अध्यक्षता में जिलास्तरीय प्री-कैंप बैठक का आयोजन सदर अस्पताल में किया गया

 


मुजफ्फरपुर। जिले में 26 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले समेकित स्वास्थ्य शिविर की तैयारी को लेकर आज सिविल सर्जन की अध्यक्षता में जिलास्तरीय प्री-कैंप बैठक का आयोजन सदर अस्पताल में किया गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं हेल्थ पार्टनर संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे। शिविर का मुख्य उद्देश्य होली पर्व के अवसर पर बाहर से घर लौट रहे प्रवासी श्रमिकों को ग्रामीण स्तर तक व्यापक स्वास्थ्य जांच एवं इंडेक्स टेस्टिंग की सुविधा उपलब्ध कराना है।


बैठक में सिविल सर्जन ने कहा कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक अपने गांव लौटते हैं, ऐसे में संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए समय पर जांच एवं उपचार अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में समेकित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।


शिविर के दौरान सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, मधुमेह, टीबी की स्क्रीनिंग, एनीमिया जांच, टीकाकरण सत्यापन, गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण सहित अन्य आवश्यक चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही इंडेक्स टेस्टिंग के माध्यम से संभावित संक्रामक रोगों की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।


बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका एवं एएनएम को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि गांव-गांव में लोगों को शिविर की जानकारी मिल सके और अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित हो। पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।


स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक शिविर स्थल पर आवश्यक दवाओं, जांच किट एवं चिकित्सकीय उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही चिकित्सकों एवं पारा-चिकित्सकीय कर्मियों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।


सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिन मरीजों में किसी बीमारी के लक्षण पाए जाएंगे, उन्हें आगे की जांच एवं उपचार के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही जिले को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाया जा सकता है।


होली के मद्देनजर आयोजित यह समेकित स्वास्थ्य शिविर न केवल प्रवासी श्रमिकों के लिए बल्कि पूरे ग्रामीण समुदाय के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाएं और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करें।

Post a Comment

0 Comments