भगवान विश्वकर्मा सभी भक्तों के अभीष्ट को पूर्ण करें : पंडित कमलापति त्रिपाठी प्रमोद

 


मुजफ्फरपुर। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आध्यात्मिक गुरु पंडित कमलापति त्रिपाठी प्रमोद ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा सभी भक्तों के अभीष्ट को पूर्ण करें, यही उनकी शुभेच्छा है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में भगवान विश्वकर्मा को ब्रह्मांड के दिव्य वास्तुकार के रूप में पूजा जाता है। यह पर्व निर्माण, शिल्प और तकनीकी कार्यों से जुड़े लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।


पंडित कमलापति त्रिपाठी प्रमोद ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा मुख्य रूप से भगवान विश्वकर्मा के पांच पुत्रों मनु, मय, त्वष्टा, शिल्पी और देवज्ञ की संतानों द्वारा मनाई जाती है। इनके वंशज देव शिल्पी की विद्या के माध्यम से संसार के विभिन्न कार्यों में अपना योगदान देते आए हैं।


उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा पूजा विशेष रूप से कारखानों और औद्योगिक क्षेत्रों में श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। इस दिन अभियंता, वास्तु समुदाय के साथ-साथ कारीगर, शिल्पकार, मैकेनिक, लोहार, वेल्डर, औद्योगिक एवं कारखाना श्रमिक अपने कार्यस्थल और मशीनों की पूजा करते हैं। श्रमिक बेहतर भविष्य, सुरक्षित कार्य परिस्थितियों और अपने-अपने क्षेत्र में सफलता की कामना करते हैं।


उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान विभिन्न मशीनों के सुचारू संचालन और कार्यक्षेत्र की उन्नति के लिए भी प्रार्थना की जाती है। श्रद्धालु श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर सुख, समृद्धि और सफलता की कामना करते हैं।

Post a Comment

0 Comments