आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज में ‘लाइव गायनी एंडोस्कोपी वर्कशॉप’ का सफल आयोजन, आधुनिक तकनीकों का हुआ प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर। शहर के आर.डी.जे.एम. मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार को “लाइव गायनी एंडोस्कोपी वर्कशॉप” का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम MOGS पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें महिला अस्पताल एवं फर्टिलिटी रिसर्च सेंटर, पटना का भी सहयोग रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर सुरेश कुमार शर्मा, डॉ. शांति रॉय, डॉ. रंगिला सिन्हा, डॉ. मंजू गीता मिश्रा, डॉ. मनोज कुमार, राजीव कुमार, डॉ. उदय कुमार, डॉ. आभा रानी सिन्हा, प्रो. (डॉ.) एन.के. बरियार, डॉ. कमलेश तिवारी, डॉ. विभा वर्मा एवं डॉ. प्राची सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे प्रसिद्ध विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार, जिन्होंने गायनी एंडोस्कोपी के क्षेत्र में अपने अनुभव और ज्ञान से प्रतिभागियों को अवगत कराया। उन्होंने जटिल मामलों पर विस्तार से व्याख्यान दिया और साथ ही लाइव सर्जरी का सफल प्रदर्शन भी किया।

वर्कशॉप के दौरान लैप्रोस्कोपिक एवं ऑपरेटिव हिस्टेरोस्कोपी तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जिससे उपस्थित चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी मिली। डॉ. संजीव कुमार ने सेप्टम रिसेक्शन, पॉलिप, कॉर्नुअल कैनुलेशन एवं एशरमैन सिंड्रोम जैसे जटिल मामलों पर लाइव डेमोंस्ट्रेशन देकर तकनीकी बारीकियों को विस्तार से समझाया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गायनी एंडोस्कोपी के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों एवं उपकरणों से चिकित्सकों को अवगत कराना तथा उनके कौशल को उन्नत करना था, जिसमें आयोजक पूरी तरह सफल रहे।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष डॉ. कमलेश तिवारी द्वारा किया गया, जबकि प्राचार्य डॉ. आभा रानी सिन्हा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य प्रशासनिक पदाधिकारी मनीष कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का समापन सकारात्मक वातावरण और प्रतिभागियों के उत्साह के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments