ई. अजीत कुमार ने बिहार विधानसभा में की मांग, अनुमंडल स्तर पर एसडीआरएफ टीम का हो गठन

 


पटना। बिहार विधानसभा में कांटी के विधायक ई. अजीत कुमार ने सरकार से मांग की है कि राज्य में अनुमंडल स्तर पर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों का गठन किया जाए। उनका कहना है कि ऐसा होने से नदियों में डूबने से होने वाली गरीब बच्चों की मौतों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी।

विधायक ने सदन में कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र से होकर बूढ़ी गंडक नदी और बागमती नदी गुजरती हैं, जहां अक्सर बच्चों के डूबने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई बार एक ही दिन में तीन से चार घटनाएं तक हो जाती हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि यदि अनुमंडल स्तर पर एसडीआरएफ की टीम सक्रिय रूप से तैनात रहेगी तो ऐसी घटनाओं में तुरंत राहत और बचाव कार्य संभव होगा। इससे नदी किनारे रहने वाले गरीब परिवारों के बच्चों की जान बचाई जा सकती है।

विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि कई मामलों में स्थानीय प्रशासन समय पर ध्यान नहीं देता। एसडीओ और डीएम स्तर पर भी शिकायतों की सुनवाई नहीं हो पाती है। परिणामस्वरूप कई बार एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर 48 घंटे बाद पहुंचती है, जिससे बचाव कार्य प्रभावित होता है।

विधायक ने कहा कि यह समस्या केवल उनके क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि कमोबेश पूरे बिहार के कई जिलों में नदियों के किनारे बसे इलाकों में ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसलिए राज्य सरकार को इस दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

0 Comments