मुजफ्फरपुर। जिले के शहर स्थित शेरपुर में ज्ञानदीप सेंट्रल स्कूल द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक उत्सव का भव्य समापन 22 फरवरी 2026 को वार्षिक समारोह के साथ हुआ। शिव मंदिर परिसर, शेरपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके उपरांत विद्यालय परिवार की ओर से सभी सम्मानित अतिथियों का अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में बोचहा की विधायक बेबी कुमारी, राजेन्द्र कुमार, डॉ. मोनालिसा, डॉ. नवीन कुमार तथा नन्दन कुमार, पूनम वर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नर्सरी से लेकर 10+2 तक के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, सामाजिक संदेश आधारित नाटक, समूह नृत्य एवं आधुनिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज से पूरा परिसर उत्साह से भर उठा।
विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
निर्देशन एवं मंच संचालन की जिम्मेदारी बिहार के प्रसिद्ध न्यूज़ एंकर, अभिनेता एवं एंटरटेनर अमर राज सक्सेना ने संभाली। उनके प्रभावशाली संचालन ने पूरे कार्यक्रम को आकर्षक और जीवंत बनाए रखा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सोहेल आज़मी, अहमद रजा, अनीश कुमार एवं विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का अहम योगदान रहा।
इससे पूर्व 21 फरवरी को “लिटिल मास्टर शेफ एवं बाल मेला” का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे बच्चों ने अपनी पाक-कला और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न स्टॉलों पर बच्चों द्वारा तैयार व्यंजन आकर्षण का केंद्र बने।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।










0 Comments