मुजफ्फरपुर। भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते बाजार के बीच ऑटोमोबाइल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी मारुति सुजुकी ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी मारुति सुजुकी ई-विटारा को लॉन्च कर दिया है। देशभर में लॉन्च के साथ ही इसकी बिक्री भी शुरू हो गई है। इसी क्रम में बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जीरो माइल स्थित रामकृष्ण नेक्सा शोरूम में इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कंपनी के अधिकारी और शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथियों में बिहार सरकार की मंत्री रमा निषाद तथा रुन्नीसैदपुर विधायक पंकज कुमार मिश्रा शामिल थे। इसके साथ ही कंपनी की ओर से निदेशक भृगु कुमार और राज किशोर सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शोरूम में नई इलेक्ट्रिक एसयूवी का उद्घाटन किया और इसके फीचर्स की जानकारी ली।
इस मौके पर मंत्री रमा निषाद ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का बढ़ता उपयोग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहन न केवल प्रदूषण कम करेंगे, बल्कि लोगों के लिए किफायती और आधुनिक परिवहन का विकल्प भी बनेंगे। वहीं पूर्व सांसद अजय निषाद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और ऐसे में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी के निदेशक भृगु कुमार ने बताया कि ई-विटारा आधुनिक तकनीक, बेहतर बैटरी रेंज और उन्नत सुरक्षा सुविधाओं के साथ बाजार में उतारी गई है। यह एसयूवी खास तौर पर भारतीय सड़कों और ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से विस्तार करेगा और कंपनी इस दिशा में लगातार नए मॉडल पेश करने की योजना बना रही है।
कंपनी के सेल्स हेड संजय कुमार ने बताया कि मारुति सुजुकी की इलेक्ट्रिक एसयूवी ई विटारा की शुरुआती कीमत लगभग ₹10.99 लाख (बैटरी-सब्सक्रिप्शन मॉडल) से शुरू होती है, जबकि अलग-अलग वेरिएंट और बैटरी विकल्प के साथ इसकी कीमत करीब ₹23 लाख तक जा सकती है। वही इसके फीचर्स की बात करें तो इसमें 49 kWh और 61 kWh बैटरी विकल्प, लगभग 440–543 किमी तक की रेंज, ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और दमदार इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है। साथ ही इसमें 7 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, ए डी ए एस 2 सेफ्टी सिस्टम, बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वायरलेस चार्जर, सनरूफ और वेंटिलेटेड सीटें जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। यह एसयूवी सुरक्षा और तकनीक के मामले में भी काफी उन्नत मानी जा रही है।
इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व उपमेयर मान मर्दन शुक्ला, पूर्व विधान परिषद सदस्य गणेश भारती, संजय चौधरी, जदयू महानगर जिला अध्यक्ष अनुपम कुमार, भगवान लाल महतो, अधिवक्ता अन्नू, अरविंद सिंह, अधिवक्ता हेमंत कुमार, प्रो.सतेंद्र कुमार टुनटुन, आदर्श कुमार , रामकुमार, विनय ठाकुर, संचित शाही कम्पनी अमित सिंह, अमित सिन्हा, अंकित राज सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उपस्थित अतिथियों ने शोरूम में प्रदर्शित ई-विटारा का अवलोकन किया और इसके डिजाइन व तकनीकी विशेषताओं की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि मुजफ्फरपुर में इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिलेगा और यह शहर में पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।










0 Comments