पटना में ‘बज्जिका के लोढ़ल फूल’ काव्य संग्रह का लोकार्पण, साहित्य मार्तण्ड उदय और डॉ विनोद सम्मानित

 


पटना स्थित बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के सभागार में बज्जिका कविता संग्रह बज्जिका के लोढ़ल फूल का लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सम्मेलन अध्यक्ष डॉ अनिल सुलभ ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधान परिषद के उपसभापति प्रोफेसर डॉ राम विचार राय उपस्थित रहे। उनके कर कमलों से पुस्तक का औपचारिक लोकार्पण किया गया।

यह काव्य संग्रह पूर्व हिंदी, मानविकी एवं समाजविज्ञान संकायाध्यक्ष, विश्वभारती शांति निकेतन (पश्चिम बंगाल) से सेवानिवृत्त प्रो. डॉ. सियाराम तिवारी द्वारा संकलित तथा डॉ. विद्या चौधरी द्वारा संपादित है। समारोह में साहित्य और भाषा के क्षेत्र से जुड़े कई विद्वानों, कवियों और साहित्य प्रेमियों की उपस्थिति रही।



इस अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले के बज्जिका कवि एवं साहित्यकार साहित्य मार्तण्ड उदय नारायण सिंह तथा डॉ विनोद कुमार सिन्हा को काव्य संग्रह में अपनी प्रभावशाली रचनात्मक उपस्थिति दर्ज कराने के लिए सम्मानित किया गया। दोनों साहित्यकारों को मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. राम विचार राय और अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ ने सम्मान प्रदान किया।

इस उपलब्धि पर बज्जिका विकास मंच एवं जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन मुजफ्फरपुर के अनेक साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में चित्तरंजन सिन्हा कनक, डॉ हरि किशोर प्रसाद सिंह, प्रेम कुमार वर्मा, मधुमंगल ठाकुर, उमानाथ प्रसाद सिंह, उमा शंकर चौरसिया, रमेश प्रसाद श्रीवास्तव, डॉ बी के मल्लिक, गणेश प्रसाद सिंह, उत्तम कुमार, डॉ पुष्प गुप्ता, पत्रकार प्रमोद नारायण मिश्र, डॉ वंदना विजय लक्ष्मी, राज नारायण सिंह और श्रीमन्ननारायण सिंह शामिल हैं।

कार्यक्रम में बज्जिका भाषा और साहित्य के विकास पर भी चर्चा की गई तथा इस तरह के प्रकाशनों को क्षेत्रीय भाषा के संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

Post a Comment

0 Comments