यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में वैशाली के दो युवाओं की शानदार सफलता, आयुक्त ने किया सम्मानित

 


मुजफ्फरपुर। यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में वैशाली जिले के दो प्रतिभाशाली युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर तिरहुत प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त  गिरिवर दयाल सिंह ने आयुक्त कार्यालय सभागार में दोनों सफल अभ्यर्थियों को पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया तथा बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड के दिलावरपुर निवासी उज्जवल प्रियांक ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 10वीं रैंक प्राप्त कर बड़ी सफलता हासिल की है। वहीं हाजीपुर प्रखंड के दिग्घी निवासी अभिषेक चौहान ने 102वीं रैंक प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। 

इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त  गिरिवर दयाल सिंह ने दोनों सफल अभ्यर्थियों की लगन, मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज और राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने दोनों अभ्यर्थियों को अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।


आयुक्त ने इस सफलता के पीछे माता-पिता और अभिभावकों के संघर्ष, त्याग और सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और सकारात्मक वातावरण युवाओं को बड़ी उपलब्धियां हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


इस अवसर पर प्रमंडल अंतर्गत सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त तथा अपर समाहर्ता सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने भी दोनों सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments