बिहार पुलिस में सिपाही संवर्ग में अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा मुजफ्फरपुर जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर 23 जुलाई एवं 27 जुलाई को एक पाली में मध्याह्न 12:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक होगी

 

मुजफ्फरपुर। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) बिहार, पटना द्वारा बिहार पुलिस में सिपाही संवर्ग में अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा मुजफ्फरपुर जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर 23 जुलाई एवं 27 जुलाई को एक पाली में मध्याह्न 12:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक होगी।

उक्त परीक्षा के शांतिपूर्ण आयोजन तथा विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला पदाधिकारी  सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्तादेश जारी कर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की है। प्रतिनियुक्त सभी अधिकारियों की  ब्रीफिंग जिला पदाधिकारी श्री  सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में की गई। सभी अधिकारियों को परीक्षा की मार्गदर्शिका तथा उनके कर्तव्य के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई । 

 केंद्र पर अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग टाइम 9:30 बजे पूर्वाह्न है।  परीक्षा प्रारंभ होने के ढाई घंटा पूर्व से अर्थात 9:30 बजे पूर्वाह्न से दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में केंद्र पर अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग की जायेगी  तथा प्रवेश द्वार पर ही अभ्यर्थियों के ई- एडमिट कार्ड पर छपे फोटो एवं पहचान पत्र का मिलान करते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। परीक्षा प्रारंभ होने के डेढ़ घंटा पहले अर्थात 10:30 बजे पूर्वाह्न के बाद किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी को परीक्षा समाप्ति तक परीक्षा केंद्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं रहेगी।


किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई, गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, रिस्ट वॉच, इत्यादि जैसी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री तथा व्हाइटनर इरेज़र ब्लड जैसी सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं है। अभ्यर्थी के पास किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री पाए जाने पर कदाचार माना जाएगा तथा कानूनी कार्यवाही की जाएगी। कदाचार करते हुए पाए जाने की स्थिति में इस परीक्षा सहित आगामी 5 वर्षों के लिए पर्षद की परीक्षाओं में भाग लेने से वंचित किया जाएगा तथा परीक्षा से संबंधित भ्रामक एवं सनसनीखेज अफवाह फैलाने की स्थिति में इस परीक्षा सहित आगामी परीक्षाओं में भाग लेने से वंचित किया जा सकता है।


स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा के संचालन के लिए सीसीटीवी तथा वीडियोग्राफी से परीक्षा की मॉनिटरिंग की जाएगी। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए मोबाइल जैमर की व्यवस्था  की गई है।

परीक्षा की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग हेतु समाहरणालय सभागार के ऊपरी तल में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं जिसके प्रभार में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना, श्री इंद्र कुमार कर्ण मोबाइल नंबर 896 960 2197 है। इनके सहयोग के लिए कई अन्य अधिकारी एवं कर्मी लगाए गए हैं।

संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी  परीक्षा के अवसर पर विधि व्यवस्था के प्रभार में रहेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी को प्रत्येक परीक्षा केंद्र के इर्द-गिर्द विधि व्यवस्था  संधारित रखने तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर गश्ती कर आदेश का शत- प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया है। नगर क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को परीक्षा के अवसर पर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, गेस्ट हाउस पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

अपर समाहर्ता राजस्व संजीव कुमार तथा पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय राजेश कुमार को परीक्षा के दौरान विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार का दायित्व दिया गया है तथा उन्हें सतत अनुश्रवण एवं समन्वय करते हुए परीक्षा का सफल संचालन करने का निर्देश दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments