श्रावणी मेला 2025 का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के द्वारा डीएन हाई स्कूल परिसर में 13 जुलाई को किया जाएगा

 


मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेला 2025 का उद्घाटन  उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के कर कमलों द्वारा  डीएन हाई स्कूल परिसर में 13 जुलाई को अपराह्न 4:00 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथि भाग लेंगे। श्रावणी मेला अवधि के दौरान विधि व्यवस्था , भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था की सुदृढ़ एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के निमित्त जिला पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार द्वारा संयुक्तादेश जारी कर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की है। सभी अधिकारियों को अपनी अपनी ड्यूटी पर समय से उपस्थित होने तथा पूरी जवाबदेही से विधि व्यवस्था संधारित रखने का सख्त निर्देश दिया है। सभी अधिकारियों को आज डीएन हाई स्कूल में डीएम एसएसपी के द्वारा संयुक्त ब्रीफिंग की गई तथा अधिकारियों को उनके कर्तव्य से अवगत कराया गया। 


श्रद्धालु भक्तों का कांवरिया पथ पर निर्वाध आवागमन सुनिश्चित करने हेतु ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है तथा उसे जनहित में सार्वजनिक किया गया है। कांवरिया पथ (रामदयालु नगर रेलवे गुमटी पारकर अघोरिया बाजार चौराहा, हरी सभा चौक, देवी मंदिर, पानी टंकी, जिला स्कूल, अमर सिनेमा रोड, छोटी कल्याणी, प्रभात सिनेमा चौक, पुरानी बाजार चौक, पुरानी बाजार नाका, दुर्गा स्थान मंदिर, द्वारिका नाथ हाई स्कूल, गांधी चौक छाता बाजार चौक) में सभी प्रकार के वाहनों को मेला अवधि के लिए प्रतिबंधित किया गया है। सरैयागंज टावर पर पुरानी बाजार होते हुए गांधी चौक के तरफ जाने वाला रास्ता सभी प्रकार के वाहनों (रिक्शा एवं ठेला सहित) का आवागमन मेला अवधि के लिए पूर्णतः अवरुद्ध रहेगा।

जीरो माइल चौक से अखाड़ा घाट की तरफ आने वाले सड़क में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा परंतु तिपहिया वाहनों के लिए पूर्व से निर्धारित रूट यथावत रहेगा। दरभंगा एवं सीतामढ़ी से आने वाले वाहन एनएच 28 अथवा दादर पुल बैरिया होते हुए परिचालित रहेगा। पटना के तरफ जाने वाले सभी वाहनों को भगवानपुर चौक से सीधे खबड़ा मंदिर, भीखनपुर मोड़ से होते हुए कच्ची पक्की चौक, काजीइंडा, महुआ, हाजीपुर के लिए परिचालन कराया जाएगा। समस्तीपुर बरौनी की ओर जाने वाले वाहन रामदयालु से ऊपरी पुल होते हुए परिचालित होगा। समस्तीपुर एवं बरौनी से आने वाले वाहन सीधे भगवानपुर चौक की तरफ जाएंगे। किसी भी परिस्थिति में किसी भी प्रकार के वाहन को मुजफ्फरपुर हाजीपुर रोड में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस उपाधीक्षक यातायात तथा जिला परिवहन पदाधिकारी को ट्रैफिक प्लान सुनिश्चित कराने तथा सुचारु व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। 

न्यू बायपास एनएच 77 पर शनिवार संध्या 4:00 बजे से सोमवार अपराह्न 2:00 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। कांवरियों की सुरक्षा एवं सुविधा के दृष्टिकोण से सावन माह के प्रत्येक शनिवार के पूर्वाह्न 4:00 बजे से सोमवार के अपराह्न 2:00 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन भाया लालगंज सरैया होकर कराया जाएगा।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने हेतु शहर में ड्रॉप गेट ,बैरिकेडिंग, वॉच टावर का निर्माण कराया गया है। प्रत्येक शनिवार को प्रातः 6:00 बजे से सोमवार को 12:00 बजे पूर्वाह्न तक किसी भी प्रकार के भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं रहेगी। रात्रि में नो एंट्री के समय में भी यह व्यवस्था लागू रहेगी। गोबरसही मोड़ से मात्र स्थानीय व्यक्तियों का ही प्रवेश होगा। वाहनों का प्रवेश वर्जित होगा। इसे प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी पुलिस पदाधिकारी सुनिश्चित करेंगे।


श्रद्धालु भक्तों की सुविधा हेतु आरडीएस कॉलेज, टीचर ट्रेनिंग कॉलेज तुर्की , डीएन हाई स्कूल तथा जिला स्कूल में ठहरने/ आवासन की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर शौचालय , पेयजल, बिजली सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। जगह-जगह पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं जिसके द्वारा मेला की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी तथा श्रद्धालुओं को अपेक्षित सहयोग प्रदान किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त 20 चिकित्सा शिविर तथा 10 एम्बुलेंस कार्यरत रहेंगे। उसमें डॉक्टर, स्वास्थ कर्मी तथा आवश्यक दवा की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कांवरिया पथ पर जगह-जगह शौचालय पेयजल तथा आने जाने की सुगम एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। 

श्रावणी मेला 2025 के अवसर पर विधि व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में उप विकास आयुक्त तथा पुलिस अधीक्षक नगर रहेंगे। उन्हें श्रावणी मेला की संपूर्ण अवधि में निरीक्षण एवं अनुश्रवण करते हुए शांति एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments