--- पीएमओ की निदेशक पूजा जैन बैठक में हुई शामिल
--- वेंडरों के लिए 60 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना अनिवार्य
पटना। ग्लोबल वॉर्मिंग एक गंभीर चुनौती है, जिसका समाधान केवल नवीकरणीय ऊर्जा (रिन्युएबल एनर्जी) के विस्तार से संभव है। पृथ्वी को बचाना है, तो इस दिशा में हमें सजग और प्रतिबद्ध रहना होगा । इसी क्रम में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की परिकल्पना की गई है। इससे संबंधित सभी वेंडरों और बैंकों को चाहिए कि वे इस योजना का लाभ अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने हेतु पूरी सक्रियता दिखाएं। बैंकों को उदार रुख अपनाना होगा। उन्हें योजना से संबंधित निर्देशिका (गाइडलाइन) को अच्छी तरह पढ़ना और उसका पालन करना चाहिए।
यह बातें ऊर्जा सचिव सह सीएमडी, बीएसपीएचसीएल मनोज कुमार सिंह ने विद्युत भवन में आयोजित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक के दौरान वेंडरों और बैंक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर पीएमओ की निदेशक पूजा जैन, एसबीपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार , एनबीपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
साथ ही बिहार में योजना के तहत सौर प्लांट इंस्टॉलेशन की गति की समीक्षा भी की गई। वेंडरों को निर्देश दिया गया कि वे जहां भी सौर प्लांट इंस्टॉल करें, वहां के आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें।
इस योजना के अंतर्गत बिहार में लगभग 4 लाख 24 हजार सौर प्लांट लगाए जाने हैं। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सुनियोजित कार्यशैली अपनानी होगी। एवं वेंडरों को कम-से-कम 60 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
गौरतलब है कि पीएमओ की निदेशक पूजा जैन ने पटना और छपरा जिले में दो दिवसीय दौरा भी किया जहां उन्होंने विभिन्न स्थानों पर भ्रमण करके इस परियोजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की।




0 Comments