मुजफ्फरपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ को डोर टू डोर भ्रमण कर हर घर पर पूरी जिम्मेदारी से स्टीकर चिपकाने का कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस आशय का सर्टिफिकेट AERO को देने एवं सुनिश्चित कराने को कहा।
उक्त बातें जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नगर भवन में बीएलओ/ पर्यवेक्षक की बैठक में कही। बैठक में मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत केंद्र संख्या 330 के बीएलओ मोहम्मद रमजानी का कार्य सराहनीय एवं संतोषजनक पाया गया। समीक्षा के दौरान पाया गया कि बुथ संख्या 330 पर पर कुल 1400 मतदाता है जिसमें से बीएलओ ने 100% मतदाताओं को गणना प्रपत्र का वितरण कर दिया तथा उसमें से 350 मतदाताओं का प्रपत्र कलेक्शन कर 66 का अपलोडिंग भी कर दिया। जिलाधिकारी ने उनके कार्य की सराहना करते हुए अन्य बीएलओ को भी प्रेरणा लेने को कहा। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मार्गदर्शिका से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एक भी ऐसा बीएलओ नहीं रहे जिन्होंने एक भी फार्म अपलोड नहीं किया हो। उन्हें आयोग द्वारा निर्धारित वार्षिक देय राशि के अतिरिक्त ₹6000 भुगतान किए जाएंगे।
इसलिए सभी बीएलओ पूरी जिम्मेदारी के साथ गणना प्रपत्र का कलेक्शन और अपलोडिंग का कार्य मिशन मोड में में करें । उनके कार्य में सहयोग प्रदान करने के लिए अतिरिक्त कर्मी के रूप में विकास मित्र, किसान सलाहकार , सेविका, पंचायत सचिव आदि को भी प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया किंतु कार्य में शिथिलता एवं लापरवाही बरतने वाले बीएलओ/पर्यवेक्षक को चिन्हित कर कानूनी एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विदित हो कि मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नगर आयुक्त हैं। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को AERO के माध्यम से कैंप मोड में कलेक्शन एवं अपलोडिंग का कार्य का बुथवार मॉनिटर कर पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को भी सक्रिय एवं तत्पर होकर सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं टीम को डोर टू डोर कलेक्शन एवं द्वितीय पाली में अपलोडिंग का कार्य पूरा कराने को कहा। कोई भी मतदाता अपने वोटर लिस्ट से लिंक्ड मोबाइल नंबर द्वारा ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं। इसके लिए अपने संबद्ध मोबाइल नंबर से पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाकर ऑनलाइन रूप से एन्यूमरेशन फॉर्म भरा जा सकता है। इसके लिए अपने मोबाइल से लॉगिन कर होम पेज पर जाकर फॉर्म भरना है।
विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य को गति प्रदान करने तथा त्रुटि रहित, पारदर्शी मतदाता सूची का निर्माण करने के निमित्त जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा विधानसभा वार बुथों का भ्रमण करने तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर लगातार समीक्षा बैठक की जा रही है ताकि समयबद्ध तरीके से कार्य का जवाबदेही से निष्पादन हो। जिला पदाधिकारी द्वारा औराई ,मीनापुर एवं बरूराज विधानसभा का भ्रमण कर प्रगति का जायजा लिया गया है। साथ ही जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सभी AERO/ERO क्षेत्र भ्रमण कर बुथवार डिस्ट्रीब्यूशन, कलेक्शन एवं अपलोडिंग के कार्य में प्रगति लाया जा रहा है।
किसी भी प्रकार की जानकारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर प्राप्त किया जा सकता है।
बीएलओ/ पर्यवेक्षक की बैठक में आवश्यक दस्तावेज के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए अवगत कराया गया तथा उनसे आवश्यक फीडबैक भी प्राप्त किया गया ।
1 जुलाई 1987 से पूर्व जन्म लिए मतदाता को सिर्फ जन्मतिथि/ जन्म स्थान के लिए डॉक्यूमेंट देना है , कोई अन्य डॉक्यूमेंट नहीं।
जबकि 1/7/1987से 02/12/2004 के बीच भारत में जन्म लिए व्यक्ति को स्वयं अपना तथा माता या पिता का जन्मतिथि / जन्म स्थान का डोक्युमेंट देना है।
साथ ही 02/12/2004 के बाद भारत में जन्म लिए व्यक्ति को अपना जन्मतिथि /जन्म स्थान तथा माता और पिता दोनों का जन्म तिथि/ जन्म स्थान संबंधी दस्तावेज देना है।
इसके लिए पूरी प्रक्रिया को सहज एवं सुगम बनाते हुए आयोग द्वारा 11 दस्तावेज को मान्यता प्रदान की गई है जिसे उपलब्ध कराया जा सकता है-
1/भारत सरकार राज्य सरकार एवं पब्लिक सेक्टर उपक्रमों में कार्यरत कर्मियों को आई कार्ड/पेंशन पेमेंट ऑर्डर
2/ 1/7/1987 के पूर्व सरकारी, स्थानीय प्राधिकार, बैंक ,पोस्ट ऑफिस, एलआईसी एवं पब्लिक सेक्टर उपक्रमों द्वारा निर्गत आई कार्ड/ प्रमाण पत्र/दस्तावेज
3/सक्षम प्राधिकार द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण पत्र
4/पासपोर्ट
5/मैट्रिक/शैक्षणिक प्रमाण पत्र जो मान्यता प्राप्त बोर्ड/ विश्वविद्यालय द्वारा निर्गत है।
6/स्थायी आवासीय प्रमाण पत्र
7/वन अधिकार प्रमाण पत्र
8/ सक्षम प्राधिकार द्वारा निर्गत ओबीसी/एससी/एसटी जाति प्रमाण पत्र
9/नेशनल रजिस्टर का सिटीजंस
10/राज्य/स्थानीय प्राधिकार द्वारा तैयार फैमिली रजिस्टर
11/सरकार द्वारा भूमि/गृह आवंटन प्रमाण पत्र
कार्यक्रम विवरणी से भी अवगत कराया गया -
25 जून से शुरू विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत फॉर्म के वितरण एवं संग्रहण का कार्य 26 जुलाई तक किया जाएगा।
27 जुलाई से 31 जुलाई तक कंट्रोल टेबल का अद्यतीकरण तथा ड्रॉफ्ट रोल की तैयारी की जाएगी।
1 अगस्त को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा।
1 अगस्त से 1 सितंबर तक दावा ,आपत्ति लिए जाएंगे।
25 सितंबर तक दावा आपत्ति फार्म का निष्पादन किया जाएगा।
30 सितंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।




0 Comments