---मोतीपुर, साहेबगंज, मरवन, कांटी, मुरौल, मुशहरी, कुढ़नी एवं सकरा प्रखंड के किसान होंगे लाभान्वित
मुजफ्फरपुर। जल संसाधन विभाग सिंचाई सुविधा को सशक्त बनाने के लिए नहर प्रणालियों के सुदृढ़ीकरण और पुनर्स्थापन की दिशा में तेज़ी से कार्य प्रारंभ कर रहा है। विभाग का उद्देश्य यह है कि खेती की मुख्य अवधि में जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके, ताकि किसानों की उपज पर मौसम का प्रतिकूल असर न पड़े।
मुजफ्फरपुर जिले के अंतर्गत तिरहुत मुख्य नहर के विभिन्न खंडों में पुनर्स्थापन, लाइनिंग और संरचना निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। वि.दू. 704.35 (214.68 किमी) से लेकर वि.दू. 732.00 (223.11 किमी) और वि.दू. 732.00 (223.11 किमी) से वि.दू. 790.00 (240.85 किमी) तक नहरों का कार्य प्रगति पर है, जिसे निर्धारित समय-सीमा से पूर्व पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अतिरिक्त, वि.दू. 790.00 (240.85 किमी) से वि.दू. 806.40 (245.85 किमी) तथा वि.दू. 806.40 (245.85 किमी) से वि.दू. 827.70 (252.34 किमी) तक मुख्य नहर का निर्माण, लाइनिंग एवं आवश्यक संरचना निर्माण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इन कार्यों से नहर की जल वहन क्षमता में वृद्धि हुई है और सिंचाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
इन योजनाओं से मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर, साहेबगंज, मरवन, कांटी, मुरौल, मुशहरी, कुढ़नी एवं सकरा प्रखंड के किसान लाभान्वित होंगे। खेतों तक पानी की बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित होने से समय पर बुवाई और सिंचाई संभव हो सकेगी, जिससे उत्पादन और कृषि आय में वृद्धि की उम्मीद है।




0 Comments