रौतिनिया कचरा डंपिंग प्वाइंट पर स्वच्छता बनाए रखने को 13 सदस्यीय कमेटी गठित


मुजफ्फरपुर। जिले के मड़वन प्रखंड के रौतिनिया स्थित कचरा डंपिंग प्वाइंट पर स्वच्छता की निरंतरता बनाए रखने और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी स्थानीय विधायक की अनुशंसा पर डीएम के निर्देश से गठित की गई है। डीएम ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए कमेटी को नियमित रूप से सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।

 जारी आदेश के अनुसार, गठित कमेटी में मड़वन बीडीओ के अलावा नगर निगम के नगर प्रबंधक, नगर निगम के सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन अधिकारी को शामिल किया गया है। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए मो. शमीम, विकास कुमार, मनोज सिंह, अंकेश ओझा, अरुण राय, अवधेश सिंह, सुबोध महतो, अजय चौधरी, संजय राम एवं जय किशन चौहान को कमेटी का सदस्य बनाया गया है।

  डीएम ने आदेश में स्पष्ट किया है कि उक्त कमेटी की बैठक बीडीओ मड़वन समय-समय पर आयोजित करेंगे। इन बैठकों में कचरा डंपिंग प्वाइंट की साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन की स्थिति, दुर्गंध नियंत्रण, जलजमाव की समस्या और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को होने वाली असुविधाओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश भी दिए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments