---बिहार की उन्नति और सुशासन में सुशील मोदी का अमिट योगदान: नगर विधायक
मुजफ्फरपुर। भाजपा के आधार स्तंभ बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी की जयंती पर स्थानीय अघोरिया बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस लेन में नगर विधायक कार्यालय में समारोह का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम में नगर विधायक रंजन कुमार ने पूर्व उप मुख्यमंत्री के तैल चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके विराट व्यक्तित्व और योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि जेपी आंदोलन से निकले नेताओं की पहली कतार में शामिल और पद्म भूषण से सम्मानित सुशील कुमार मोदी ने संगठन तथा सरकार में रहकर सेवा का जो रास्ता दिखाया, उसे भाजपा आगे बढ़ाएगी। भाजपा और एनडीए को बनाने, चलाने और मजबूत करने में सुशील मोदी का बड़ा योगदान था। वे पार्टी और गठबंधन के शिल्पी थे। उन्हीं की प्रेरणा से पार्टी के 80 फीसदी कार्यकर्ता आगे बढ़े और नेताओं की नई पीढ़ी तैयार हुई। कहा कि बिहार की उन्नति और सुशासन में सुशील मोदी का अमिट योगदान है। वे कुशल संगठनकर्ता थे। उन्होंने बिहार की राजनीति को नई दिशा दी। उनके विचार, दृष्टि और योगदान सदैव हमलोगों को प्रेरणा देते रहेंगे। बिहार की राजनीति में भाजपा को गठबंधन की राह पर उतारने की नीति के नायक सुशील कुमार मोदी एक सामाजिक उन्नायक भी थे। इनकी राजनीति और वित्तीय प्रबंधन की चर्चा के बीच इनका सामाजिक पक्ष कुछ पीछे छूट गया है। यह बात बिहार के युवाओं को शायद ही पता हो कि वर्षों पहले सुशील कुमार मोदी ने 'दधीचि देह दान' समिति के लिए काफी सक्रियता से काम किया और न जाने कितने घरों को रौशन किया।
निश्चित रूप से श्रद्धेय सुशील जी के योगदान को भुलाया नही जा सकता वे बिहार भाजपा के आधार स्तंभ ही नही बल्कि सही मायने में संगठन शिल्पी के साथ एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि आधुनिक बिहार के आर्थिक, नीतिगत एवं संगठनात्मक पुनर्गठन के प्रमुख वास्तुकार थे। बिहार को ‘बीमारू’ राज्य की छवि से बाहर निकालकर विकास की मुख्यधारा में स्थापित करने, जीएसटी (GST) जैसे जटिल आर्थिक सुधारों में बिहार का सशक्त नेतृत्व करने तथा शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में उनका योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहा है।
इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा नेता सचिन कुमार, धर्मेन्द्र साहू, विशूश्वर शंभु, धनंजय झा, नन्द किशोर पासवान, सत्य प्रकाश भारद्वाज, दिवाकर झा,के पी पप्पू, विजय पाण्डेय,उदय झा,राजेश कुमार,संतोष साहेब, आदित्य कश्यप, अभिषेक सौरभ, शंभू सिंह, सुजीत कुमार, दीपक शर्मा, राम कुमार वर्मा, प्रीतम ठाकुर, प्रकाश बबलू, पुरषोत्तम कुमार,आनंद कृष्ण, आशीष अग्रवाल, प्रभात ठाकुर, शिवि सुदर्शन,विश्वनाथ सिंह आदि पार्टी नेता मौजूद रहे।




0 Comments