मुजफ्फरपुर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण, ‘जीरो डिफेक्ट, जीरो इफेक्ट’ पर जोर

 


मुजफ्फरपुर। जिले के बोचहाँ विधानसभा क्षेत्र में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण किया गया। भाजपा जिला पूर्वी की ओर से कच्ची-पक्की रोड स्थित बूथ संख्या 162 पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संदेशों पर चर्चा करते हुए ‘जीरो डिफेक्ट, जीरो इफेक्ट’ के मंत्र को अपनाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने देश के विकास के लिए गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण दोनों को समान महत्व देने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारत के उत्पाद ऐसे हों जिनमें किसी प्रकार की कमी न हो और उनका पर्यावरण पर भी कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े। इसी सोच के साथ देश नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि देश आज गुलामी की मानसिकता को पीछे छोड़कर अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी चीजों को महत्व दे रहा है। उन्होंने नागरिकों द्वारा किए जा रहे सकारात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किसी एक व्यक्ति की नेक पहल भी समाज में बड़े बदलाव का कारण बन सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान ढूंढना भारतीयों के स्वभाव में शामिल है और यही देश की ताकत है।

इस अवसर पर बोचहाँ की विधायक बेबी कुमारी, भाजपा जिला पूर्वी के महामंत्री मुकेश शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष दिवाकर शर्मा और मीडिया प्रभारी रंजन ओझा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनके अलावा युवा मोर्चा मंत्री यशवर्धन, पिंटू सिंह, मनोज शर्मा, रघुवीर वर्मा, रवि राज और कृष्ण कुमार वर्मा समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और स्थानीय स्तर पर विकास व स्वच्छता से जुड़े अभियानों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलती है और सरकार की योजनाओं व विचारों की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचती है।

Post a Comment

0 Comments