मुजफ्फरपुर। रंगों के पर्व होली को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सद्भावपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी को लेकर जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिला शांति समिति एवं विधि-व्यवस्था की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों और गणमान्य व्यक्तियों से सुझाव और फीडबैक भी लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द का पर्व है, इसलिए किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि दो दिनों के भीतर अपने-अपने थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करें। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को इसकी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान हुड़दंग, छेड़खानी, जबरन रंग लगाने, मारपीट या किसी भी तरह की अराजकता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं के साथ अभद्रता या छेड़खानी की घटनाओं पर त्वरित और कठोर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। पुलिस को ऐसे तत्वों की पहचान कर पहले से ही निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और अपुष्ट जानकारी साझा न करें।
बैठक में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उत्पाद अधिनियम के तहत अवैध शराब के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और सेवन पर रोक लगाने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने की बात कही गई। पुलिस और मद्यनिषेध विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे।
प्रशासन ने होटल, ढाबा, लॉज और अन्य सार्वजनिक स्थलों की नियमित जांच, रात्रि गश्ती, वाहन चेकिंग और सघन पेट्रोलिंग का भी निर्देश दिया है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी विवादित स्थल पर कार्यक्रम न हो।
पर्व के दौरान डीजे बजाने और अश्लील गाने चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। अधिकारियों को ‘अलर्ट एंड एक्टिव’ मोड में रहने और मुख्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने के लिए अस्पतालों को 24×7 अलर्ट रखा जाएगा, जबकि अग्निशमन और बिजली विभाग को भी पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी और एसएसपी ने लोगों से अपील की कि वे होली को पारंपरिक उत्साह और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




0 Comments