मुजफ्फरपुर। एलएनटी कॉलेज के सभागार में शनिवार को विश्व महिला दिवस की पूर्व संध्या पर महिला खिलाड़ियों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन करना तथा अन्य छात्राओं को भी खेल के प्रति प्रेरित करना था।
इस अवसर पर इंटर कॉलेज टूर्नामेंट में पदक जीतकर कॉलेज का नाम रोशन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में फिजा परवीन (हैमर थ्रो – कांस्य पदक), सहजहा परवीन (हैमर थ्रो – स्वर्ण पदक), संध्या कुमारी (400 मीटर, 1500 मीटर एवं लंबी कूद – रजत पदक), रौशनी परवीन (जैवलिन थ्रो – स्वर्ण पदक) तथा प्रतिभा थापा (वॉलीबॉल) शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रशासन ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि इन छात्राओं की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक हैं।
कार्यक्रम का संचालन चितरंजन कुमार ने किया। इस अवसर पर कवि एवं साहित्यकार डॉ. संजय पंकज ने अपने विचार व्यक्त करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में डॉ. विजयेन्द्र झा, डॉ. ममता, डॉ. आभी रानी, डॉ. साक्षी, डॉ. कल्याणी प्रसाद, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. प्रतिमा सहित कई शिक्षक उपस्थित थे। वहीं मृगांक, पुष्कर और मनीष ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।




0 Comments