मुजफ्फरपुर। शहर के सिकंदरपुर स्थित मुक्तिधाम परिसर में संचालित ‘अप्पन पाठशाला’ की छात्राओं ने दसवीं कक्षा की परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन कर इलाके का नाम रोशन किया है। माही कुमारी ने 91% अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की, वहीं सलोनी कुमारी ने 57% अंक प्राप्त कर सराहनीय प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय स्तर पर खुशी का माहौल है। इसी क्रम में नगर विधायक रंजन कुमार एवं आध्यात्मिक गुरु पंडित कमलापति त्रिपाठी प्रमोद द्वारा संयुक्त रूप से दोनों छात्राओं को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान नगर विधायक रंजन कुमार ने छात्राओं की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन बच्चों ने जो सफलता हासिल की है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि अप्पन पाठशाला में पढ़ने वाले बच्चों को कई तरह की सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ता है, खासकर पढ़ाई के लिए उचित स्थान का अभाव है। इस समस्या को देखते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि चालू वित्तीय वर्ष में यहां एक बड़े हॉल का निर्माण कराया जाएगा, ताकि बच्चों को बेहतर माहौल में पढ़ाई करने का अवसर मिल सके।
वहीं आध्यात्मिक गुरु पंडित कमलापति त्रिपाठी प्रमोद ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ये बच्चे भविष्य में और आगे बढ़ें, अपने लक्ष्य को प्राप्त करें और समाज के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो किसी भी व्यक्ति के जीवन को नई दिशा दे सकती है।
कार्यक्रम के दौरान अप्पन पाठशाला के संस्थापक सुमित कुमार ने आगत अतिथियों का स्वागत किया और सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे प्रयास सफल हो पाते हैं और आगे भी बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कार्य जारी रहेगा।
इस अवसर पर रमेश केजरीवाल, छात्र नेता संकेत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनके इस प्रयास की सराहना की। समारोह का माहौल उत्साह और गर्व से भरा हुआ था, जहां हर कोई इन बेटियों की सफलता पर खुश नजर आया।








0 Comments