मुजफ्फरपुर। यूनानी दवाओं की प्रसिद्ध कंपनी हमदर्द लेबोरेट्रीज और उर्दू के लोकप्रिय दैनिक समाचार पत्र इंकलाब के संयुक्त तत्वावधान में उत्तर प्रदेश और बिहार में चलाए जा रहे स्वास्थ्य जागरूकता अभियान “हेल्दी इंडिया, हमदर्द इंडिया” के तहत सोमवार को मुजफ्फरपुर शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर भव्य स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं। इस दौरान लोगों के बीच रोचक गतिविधियों के साथ आकर्षक उपहार भी वितरित किए गए, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
पक्की सराय रोड स्थित भोला चौक पर इस अभियान का औपचारिक उद्घाटन बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के पूर्व उर्दू विभागाध्यक्ष प्रोफेसर फारूक अहमद सिद्दीकी ने किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यूनानी चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता, उसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान समय में उसकी बढ़ती अहमियत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यूनानी चिकित्सा एक प्राचीन, विश्वसनीय और प्राकृतिक उपचार प्रणाली है, जो सदियों से मानव स्वास्थ्य की रक्षा और विभिन्न रोगों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में प्राकृतिक और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। यूनानी चिकित्सा न केवल बीमारियों के उपचार में सहायक है, बल्कि यह व्यक्ति के खानपान, जीवनशैली और स्वभाव में संतुलन स्थापित कर एक स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
शिविर के दौरान लोगों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, संतुलित आहार, दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इस अवसर पर हमदर्द इंडिया के एएसएम सैयद शब्बीर हसन ने लोगों को यूनानी दवाओं एवं उनके लाभों की जानकारी दी और अभियान के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने इस पहल को जनस्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय कदम बताते हुए आयोजकों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। वक्ताओं ने इस संकल्प को भी दोहराया कि “हेल्दी इंडिया, हमदर्द इंडिया” अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
इस अभियान के तहत सुबह सबसे पहले कारवां भोला चौक पहुंचा, जिसके बाद हाथी चौक पर भी लोगों ने इस अभियान का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोपहर बाद जीरो माइल चौक और शाम को मेहदी हसन चौक पर भी लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान आम लोगों को हमदर्द का प्रसिद्ध टॉनिक ‘संकॉरा’ पिलाया गया। वहीं “स्पिन एंड विन” प्रतियोगिता के तहत बड़ी संख्या में लोगों ने संकॉरा और हर्बल टूथपेस्ट जैसे उत्पाद पुरस्कार स्वरूप जीते। हमदर्द के उत्पाद जीतने वाले लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए दैनिक उर्दू समाचार पत्र इंकलाब और हमदर्द लेबोरेट्रीज की इस स्वास्थ्य जागरूकता मुहिम की जमकर सराहना की।




0 Comments