पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर माताओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम

 


मुजफ्फरपुर: आईटीसी एवं सशक्त फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘बाउंस ऑफ जॉय’ कार्यक्रम के अंतर्गत पुरुषोत्तमपुर पंचायत, कुढ़नी में माताओं के बीच पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत की 100 से अधिक माताओं ने भाग लिया।


कार्यक्रम के दौरान माताओं के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। पहले चरण में माताओं को जंक फूड और पोषणयुक्त खाद्य सामग्रियों को अलग-अलग वर्गीकृत करने की गतिविधि कराई गई। इसके बाद उपलब्ध पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों को लेकर प्रश्नोत्तर किया गया। साथ ही पोषणयुक्त भोजन और बेहतर स्वास्थ्य के बीच संबंध की जानकारी दी गई।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सशक्त फाउंडेशन के निदेशक प्रभात कुमार ने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ भविष्य के लिए बच्चों को पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। इसमें माताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के खानपान को लेकर सही आदतें विकसित करने से उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को मजबूती मिलती है।


उन्होंने युवाओं को खेलों से जोड़ने पर भी जोर दिया। कहा कि आजकल युवा इंडोर गेम्स की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में उन्हें खेल के मैदान से जोड़ना उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक है।


कार्यक्रम के सफल आयोजन में राखी देवी, सीता देवी, देवी देवी, माला देवी, सुमन कुमारी एवं ज्वाला सिंह सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।




गौरतलब है कि आईटीसी एवं सशक्त फाउंडेशन की ओर से पिछले तीन वर्षों से ‘बाउंस ऑफ जॉय’ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के पहले वर्ष में 75 सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों तथा दूसरे वर्ष में 70 विद्यालयों में खेल के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य किया गया। वहीं, इस वर्ष मुजफ्फरपुर जिले के करीब 1100 विद्यालयों और माताओं के बीच पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।


कार्यक्रम को सफल बनाने में सशक्त फाउंडेशन की राज्य प्रमुख शालिनी रंजन, उपप्रबंधक अमित चौधरी, कोच रोहित कुमार, विवेक कुमार, अविनाश गुप्ता, अंकित प्रकाश एवं आकांक्षा शुभम की भूमिका सराहनीय रही।


Post a Comment

0 Comments