मुजफ्फरपुर। जिले में उर्वरक की कोई कमी नहीं है बल्कि पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा है कि खाद के वितरण / भंडारण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी एवं अनियमितता पकड़े जाने पर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों को खाद की आपूर्ति पूरी पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ निर्धारित दर पर आवश्यकतानुसार ससमय उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने खाद की कालाबाजारी, ओवररेटिंग एवं कृत्रिम संकट रोकने हेतु दुकानों और गोदामों का नियमित निरीक्षण एवं निगरानी करने का सख्त निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया है। फलस्वरूप जिलाधिकारी के कड़े निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 83 छापेमारी की गई है जिसमें से कुल 23 प्रतिष्ठानों में अनियमितता पकड़ी गई है। अनियमितता करने वाले उर्वरक प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 6 का लाइसेंस रद्द किया गया है तथा एक पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त 3 उर्वरक प्रतिष्ठान को निलंबित किया गया है तथा 3 से स्पष्टीकरण की गई है। उर्वरक प्रतिष्ठानों के सतत एवं प्रभावी निरीक्षण एवं निगरानी के क्रम में मे. फौजी कृषि सेवा केंद्र चकमिरवी कुढ़नी के विरुद्ध जांच में अनियमितता पकड़े जाने पर 14 जुलाई को स्थानीय कृषि समन्वयक के द्वारा मनियारी थाना में 199/25 तिथि 14/7/25 प्राथमिकी दर्ज की गई है।
खरीफ 2025 में उर्वरकों की आपूर्ति की स्थिति निम्नवत है-
यूरिया 40000 मेट्रिक टन की आवश्यकता के विरुद्ध 24182 मेट्रिक टन प्राप्त ।
डीएपी 7000 MT की आवश्यकता के विरुद्ध 8584 मेट्रिक टन प्राप्त
एनपीके 8000 मेट्रिक टन के विरुद्ध 11423 मेट्रिक टन
एमओपी 2000 मेट्रिक टन के विरुद्ध 5637 मेट्रिक टन
एसएसपी 2500 मेट्रिक टन के विरुद्ध 3521 मेट्रिक टन।
इस प्रकार उर्वरकों का भंडार स्थिति यूरिया 18311, डीएपी 5970, एनपीके 10525 , एमओपी 4626, एवं एसएसपी 2752 मेट्रिक टन भंडार में अवशेष है।
जिलाधिकारी ने प्रखंड स्तर पर खाद वितरण की निगरानी एवं निरीक्षण की प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा टीम गठित कर उन्हें सक्रिय एवं तत्पर करने एवं लगातार छापेमारी अभियान जारी रखने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निवारण करने का सख्त निर्देश दिया है। साथ ही किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया है।
उर्वरक के मामले में किसी भी प्रतिष्ठान के विरुद्ध शिकायत जिला कृषि कार्यालय मुजफ्फरपुर में गठित त्वरित निष्पादन कमेटी के मोबाइल नंबर 9661 69 7355 पर सूचित किया जा सकता है ताकि संबंधित प्रतिष्ठा के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।



0 Comments