मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेला 2025 के अवसर पर बाबा गरीब नाथ मंदिर में आगामी सोमवार को बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक एवं दर्शन हेतु आनेवाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा की व्यवस्था का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ आरडीएस कॉलेज, जिला स्कूल सहित कई अन्य स्थलों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। इस क्रम में जिलाधिकारी ने आरडीएस कॉलेज में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा निर्मित टेंट पंडाल का निरीक्षण किया। विदित हो कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्रावणी मेला के अवसर पर आरडीएस कॉलेज, जिला स्कूल, टीचर ट्रेनिंग कॉलेज तुर्की तथा डीएन हाई स्कूल में ठहराव/आवासन की व्यवस्था की गई है जहां कांवरियों के ठहरने की उत्तम व्यवस्था की गई है। इन जगहों पर कांवरियों के लिए बिस्तर, पंखा, शुद्ध पेयजल, शौचालय, साफ- सफाई से लेकर शिव भक्तों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त कांवरिया पथ से लेकर ठहराव स्थल पर आवश्यकता अनुसार दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है । भीड़ प्रबंधन हेतु जगह-जगह पर बैरिकेडिंग एवं सीसीटीवी लगाए गए हैं। श्रावणी मेला के मॉनिटरिंग हेतु जगह-जगह पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं तथा कांवरियों को चिकित्सीय सहायता प्रदान करने हेतु उनकी सेवा में 20 मेडिकल कैंप तथा 10 एम्बुलेंस कार्यरत हैं।किसी श्रद्धालु भक्त को कोई असुविधा न हो इसके लिए मॉनिटरिंग की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है। इस क्रम में आगामी सोमवार को भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए अधिकारीद्वय ने जिला स्कूल का भ्रमण किया तथा वहां भीड़ प्रबंधन हेतु लगाये गये घुमावदार बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया। श्रावणी मेला के सफल एवं सुचारु संपादन हेतु जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित कार्य का दायित्व निर्धारित किया है। फलस्वरूप संबंधित अधिकारी द्वारा पूरी सक्रियता के साथ अपने-अपने दायित्व का निष्पादन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने पुनः सभी संबंधित अधिकारियों को सक्रिय एवं तत्पर रहने तथा अपने-अपने दायित्व का जवाब देही से निष्पादन करते रहने का निर्देश दिया है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आम लोगों से भी आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया।
जिला पदाधिकारी के साथ नगर आयुक्त विक्रम वीरकर, उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, अपर समाहर्ता राजस्व संजीव कुमार , अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




0 Comments