मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना पर कार्यशाला आयोजित

 


मुजफ्फरपुर। जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र, मुजफ्फरपुर के प्रांगण में शनिवार को मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योजना से संबंधित जानकारी अधिकारियों द्वारा विस्तार से दी गई।

कार्यशाला में जिला कल्याण पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार मिश्रा, जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र के प्रबंधक मनोज कुमार प्रधान तथा सहायक प्रबंधक बैभव कुमार ने योजना की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत स्नातक (केवल B.A., B.Sc. एवं B.Com) उत्तीर्ण 20 से 25 वर्ष आयुवर्ग के बेरोजगार युवाओं को भी योजना का लाभ दिया जा रहा है।

बैठक में उपस्थित सभी विकास मित्रों को निर्देश दिया गया कि वे 31 मार्च 2026 तक अपने-अपने पंचायत से कम से कम 10 योग्य लाभार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें सत्यापन के लिए जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र भेजना सुनिश्चित करें।

प्रबंधक मनोज कुमार प्रधान ने मुजफ्फरपुर जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रभारी प्राचार्यों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने कॉलेज के स्नातक उत्तीर्ण 20 से 25 आयु वर्ग के बेरोजगार विद्यार्थियों को इस योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ दिलाने में सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत स्नातक उत्तीर्ण बेरोजगार युवाओं को रोजगार की तलाश के दौरान आर्थिक सहयोग के रूप में 1000 रुपये प्रतिमाह की दर से दो वर्षों तक स्वयं सहायता भत्ता प्रदान किया जाता है।

कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों को योजना का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की गई।

Post a Comment

0 Comments