मुजफ्फरपुर। आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मुजफ्फरपुर में नव-प्रवेशित पीजी (एमडी/एमएस) छात्रों के लिए एक ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, अस्पताल की कार्यप्रणाली तथा प्रशिक्षण प्रणाली से अवगत कराना था।
ओरिएंटेशन सत्र के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. आभा रानी सिन्हा ने छात्रों को मेडिकल पेशे की जिम्मेदारियों, अनुशासन, मरीजों की बेहतर देखभाल और मेडिकल एथिक्स के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पीजी रेजिडेंट्स को अपने प्रशिक्षण काल में क्लिनिकल लर्निंग, रिसर्च गतिविधियों और अकादमिक चर्चाओं में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए, ताकि वे एक बेहतर चिकित्सक बन सकें।
महाविद्यालय के चिकित्सा शिक्षा निदेशक प्रो. डॉ. उदय कुमार ने अस्पताल की नीतियों, विभागीय कार्यप्रणाली, अकादमिक शेड्यूल, मूल्यांकन प्रणाली और रेजिडेंसी से जुड़ी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में एक इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किया गया, जिसमें पीजी छात्रों ने फैकल्टी सदस्यों से अपने सवाल पूछे और विभिन्न शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।
कॉलेज के प्रशासनिक पदाधिकारी मनीष कुमार ने नए पीजी बैच का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने प्रशिक्षण के दौरान मेडिकल शिक्षा, शोध और मरीजों की सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देंगे तथा संस्थान की प्रतिष्ठा को और आगे बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और फैकल्टी सदस्य डॉ. रामाकांत प्रसाद, डॉ. विकास रंजन, डॉ. कमलेश तिवारी, डॉ. आशित कुमार, डॉ. आशिम शेखर, डॉ. राहुल मोहन, डॉ. खुशबू रानी, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. रीता चौधरी, डॉ. रोहित कुमार, डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. नेहा सिंह, डॉ. अभिषेक प्रसाद, डॉ. आर. एस. प्रसाद, डॉ. अरुण कुमार पांडेय, डॉ. मृणाल शंकर, डॉ. अनामिका कुमारी, डॉ. पियूष भारद्वाज, डॉ. अब्दुल शालिक तथा डॉ. पी. एन. प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।








0 Comments