मुजफ्फरपुर। जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन, मुजफ्फरपुर की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक बैंकर्स कॉलोनी, वेला स्थित वित्त मंत्री उत्तम कुमार के निवास पर चित्तरंजन सिन्हा ‘कनक’ की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में सम्मेलन के प्रधानमंत्री साहित्य मार्तंड उदय नारायण सिंह ने जानकारी दी कि मुजफ्फरपुर के कीर्ति-शेष साहित्यकारों पर एक स्मृति ग्रंथ प्रकाशित किया जाएगा, जिसके प्रबंध संपादक डॉ. महेन्द्र मधुकर होंगे। साथ ही सम्मेलन की पत्रिका “साकल्य” का भी प्रकाशन किया जाएगा, जिसके लिए साहित्यकारों से रचनाएं आमंत्रित की गई हैं।
अध्यक्षीय संबोधन में चित्तरंजन सिन्हा ‘कनक’ ने कहा कि सम्मेलन को मजबूत बनाना प्राथमिक लक्ष्य है और इसमें प्रतिभाशाली (धीमंत) लोगों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
डॉ. विनोद कुमार सिन्हा ने कहा कि सम्मेलन की गतिविधियों की पहचान अब चारों दिशाओं में फैल रही है। साहित्य मंत्री डॉ. प्रियंवद ने सम्मेलन से जुड़कर गौरव महसूस करने की बात कही। वहीं, डॉ. हरि किशोर प्रसाद सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने सम्मेलन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बैठक में प्रेम कुमार वर्मा, डॉ. लोकनाथ मिश्र, डॉ. बीरेन्द्र कुमार मल्लिक, रमेश प्रसाद श्रीवास्तव, मधुमंगल ठाकुर, उमानाथ सिंह, उमाशंकर प्रसाद चौरसिया, डॉ. उषा किरण एवं देवेन्द्र प्रसाद शर्मा सहित कई सदस्यों ने अपने विचार रखे।
अंत में वित्त मंत्री उत्तम कुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक का समापन साहित्यकार एवं समाजसेवी विष्णु कांत झा की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर किया गया।




1 Comments
सुन्दर
ReplyDelete